पूजा करा रहे हैं तो परख लें अपने ‘पंडित जी’ को

एलायंस टुडे ब्यूरो

लखनऊ। अगर आप अपने घरों में सुख-शांति के लिए पूजा कराने जा रहे हैं, तो पुजारी पंडित जी या ब्राह्मण की जांच- पड़ताल जरूर कर लें।
जानकारों का कहना है कि वर्तमान में समाज में ऐसे पुजारी घूम रहे हैं, तो पूजा कराने के नाम पर अच्छी रकम वसूल रहे हैं, पर उन्हें मंत्रोच्चार का सही ज्ञान नहीं होता। आधा-अधूरा ज्ञान रखने वाले यह पंडित विधि-विधान से पूजा-अर्चना नहीं करा पाते हैं। यानी पूजा के बाद भी सही फल मिले, इसकी कोई संभावना नहीं रहती है।

क्या होनी चाहिए पुजारी की योग्यता
पुजारी को संस्कृत भाषा का अच्छा ज्ञान होना जरूरी है ताकि वह श्लोकों को पढ़कर उसे श्रोताओं-भक्तों को सुना सके। भगवत गीता, रामायण, वेद आदि का ज्ञान भी जरूरी है।

जन्म से नहीं कर्म से ब्राह्मण होना जरूरी
ऋग्वेद में साफ तौर पर लिखा हुआ है कि कोई भी व्यक्ति जन्म से ब्राह्मण नहीं होता। उसे कर्म से ब्राह्मण होना चाहिए। यानी उसे ब्रह्म का ज्ञान होना चाहिए। बगैर ब्रह्म ज्ञान के ब्राह्मण की दशा किसी झोलाछाप डाॅक्टर से कम नहीं है, जो बगैर ज्ञान अथवा डिग्री के लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है। वैसे गायत्री परिवार, इस्काॅन जैसी संस्थाएं देश में असली ब्राह्मण तैयार करने का काम कर रही हैं। किसी भी परिवार में जन्मे लोगों का चयन कर उन्हें ब्राह्मण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पहले हर व्यक्ति उत्सुक था ब्राह्मण बनने में
प्राचीन काल में हर जाति, समाज आदि का व्यक्ति ब्राह्मण बनने के लिए उत्सुक रहता था। ब्राह्मण होने का अधिकार सभी को आज भी है। चाहे वह किसी भी जाति, प्रांत या संप्रदाय से हो वह गायत्री दीक्षा लेकर ब्रह्माण बन सकता है, लेकिन ब्राह्मण होने के लिए कुछ नियमों का पालन करना होता है। हम उस ब्राह्मण समाज की बात नहीं कर रहे हैं जिनमें से अधिकतर ने अपने ब्राह्मण कर्म छोड़कर अन्य कर्मों को अपना लिया है। हालांकि अब वे ब्राह्मण नहीं रहे लेकिन कहलाते अभी भी ब्राह्मण ही है।

ब्राह्मण के 8 भेद
स्मृति-पुराणों में ब्राह्मण के 8 भेदों का वर्णन मिलता है।
मात्र, ब्राह्मण, श्रोत्रिय, अनुचान, भू्रण, ऋषिकल्प, ऋषि और मुनि। 8 प्रकार के ब्राह्मण श्रुति में पहले बताए गए हैं। इसके अलावा वंश, विद्या और सदाचार से ऊंचे उठे हुए ब्राह्मण ‘त्रिशुक्ल’ कहलाते हैं। ब्राह्मण को धर्मज्ञ विप्र और द्विज भी कहा जाता है।

उपनाम में छुपा है पूरा इतिहास

1. मात्र -ऐसे ब्राह्मण जो जाति से ब्राह्मण हैं लेकिन वे कर्म से ब्राह्मण नहीं हैं उन्हें मात्र कहा गया है। ब्राह्मण कुल में जन्म लेने से कोई ब्राह्मण नहीं कहलाता। बहुत से ब्राह्मण ब्राह्मणोचित उपनयन संस्कार और वैदिक कर्मों से दूर हैं, तो वैसे मात्र हैं। उनमें से कुछ तो यह भी नहीं हैं। वे बस शूद्र हैं। वे तरह-तरह के देवी-देवताओं की पूजा करते हैं और रात्रि के क्रियाकांड में लिप्त रहते हैं।

2. ब्राह्मण ईश्वरवादी, वेदपाठी, ब्रह्मगामी, सरल, एकांतप्रिय, सत्यवादी और बुद्धि से जो दृढ़ हैं, वे ब्राह्मण कहे गए हैं। तरह-तरह की पूजा-पाठ आदि पुराणिकों के कर्म को छोड़कर जो वेदसम्मत आचरण करता है वह ब्राह्मण कहा गया है।

3. श्रोत्रिय स्मृति अनुसार जो कोई भी मनुष्य वेद की किसी एक शाखा को कल्प और छहों अंगों सहित पढ़कर ब्राह्मणोचित 6 कर्मों में सलंग्न रहता है, वह ‘श्रोत्रिय’ कहलाता है।

4. अनुचान -कोई भी व्यक्ति वेदों और वेदांगों का तत्वज्ञ, पापरहित, शुद्ध चित्त, श्रेष्ठ, श्रोत्रिय विद्यार्थियों को पढ़ाने वाला और विद्वान है, वह ‘अनुचान’ माना गया है।

5. भू्रण – अनुचान के समस्त गुणों से युक्त होकर केवल यज्ञ और स्वाध्याय में ही संलग्न रहता है, ऐसे इंद्रिय संयम व्यक्ति को भू्रण कहा गया है।

6. ऋषिकल्प – जो कोई भी व्यक्ति सभी वेदों, स्मृतियों और लौकिक विषयों का ज्ञान प्राप्त कर मन और इंद्रियों को वश में करके आश्रम में सदा ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए निवास करता है उसे ऋषिकल्प कहा जाता है।

7. ऋषि – ऐसे व्यक्ति तो सम्यक आहार, विहार आदि करते हुए ब्रह्मचारी रहकर संशय और संदेह से परे हैं और जिसके श्राप और अनुग्रह फलित होने लगे हैं उस सत्यप्रतिज्ञ और समर्थ व्यक्ति को ऋषि कहा गया है।

8. मुनि – जो व्यक्ति निवृत्ति मार्ग में स्थित, संपूर्ण तत्वों का ज्ञाता, ध्याननिष्ठ, जितेन्द्रिय तथा सिद्ध है ऐसे ब्राह्मण को ‘मुनि’ कहते हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *