10 साल बाद भारत को मिला खिताब, मलेशिया को 2-1 से हराया

भारत-मलेशिया के बीच एशिया कप हॉकी का फाइनल मैच बांग्लादेश के ढाका में खेला गया। भारत ने मलेशिया को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत का 10 साल में ये पहला एशिया कप खिताब है। इसके साथ ही भारत के खाते में तीन एशिया कप खिताब जुड़ गए हैं। भारत ने हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त बनाए रखी। मैच के 50वें मिनट में मलेशिया ने एक गोल दाग स्कोर 1-2 कर दिया। भारत के लिए पहला गोल तीसरे मिनट में रमनदीप सिंह ने किया। इसके बाद 29वें मिनट में ललित उपाध्याय ने एक और गोल दाग स्कोर 2-0 कर दिया। मलेशिया के लिए इकलौता गोल शहरिल शाबाह ने 50वें मिनट में दागा। बता दें कि भारत सुपर-4 के अंतिम मैच में पाकिस्तान को 4-0 को बुरी तरह से हराकर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी। मलेशियाई टीम ने कोरिया के खिलाफ 1-1 से रोमांचक ड्रॉ खेला। भारत सुपर-4 में 7 अंक के साथ टॉप पर रहा। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के तीसरे क्वार्टर में सतबीर सिंह ने 39वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम का खाता खोला था। इसके बाद तीसरा क्वार्टर भारत के लिए 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ। भारत ने चौथे क्वार्टर में खेल में शानदार वापसी करते हुए तीन गोल किए। 51वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर मिले गोल के अवसर में सफलता हासिल की। इसके बाद अगले ही मिनट में ललित उपाध्याय ने गोल कर भारत को 3-0 की बढ़त दे दी। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी गुरजंत सिंह ने 57वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 4-0 से जीत दिलाई।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *