एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने गोल्डकोस्ट में खराब प्रदर्शन करने वाली टीम के कोच मारजेन को हटाकर हरेंद्र सिंह को हॉकी में टीम का कोच बना दिया गया है। अभी हाल के दिनों में ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पुरुष टीम ने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया था। इस टीम के कोच स्रिजार्ड मारजेन को हटाकर उनकी जगह हरेंद्र सिंह को नया कोच बनाया गया है। वहीं पूर्व कोच मारजेन को भारतीय महिला हॉकी का कोच बना दिया गया। ये एलान हॉकी इंडिया ने जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से मारजेन को पुरुष हॉकी टीम के कोच पद से हटाए जाने की कानाफूसी चल रही थी। इससे पहले हरेंद्र सिंह महिला टीम के कोच थे।
गोल्डकोस्ट में संपन्न हुए 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमें कोई भी मेडल जीतने में नाकाम रहीं। कमजोर आंकी जाने वाली वेल्स के खिलाफ भी पुरूष टीम संघर्ष करती ही नजर आयी थी। भारतीय पुरूष टीम को इंग्लैंड से हारकर खाली हाथ ही स्वदेश लौटना पड़ा था। साल 2006 के कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद यह पहला मौका था जब भारतीय पुरूष हॉकी टीम बिना कोई मेडल जीते वापस आई थी। कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 में भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में हिस्सा लिया था। हरेंद्र सिंह इसके पहले साल 2009 से 2011 तक भी भारतीय पुरूष टीम के कोच रह चुके थे। पिछले साल नवंबर में उन्हें महिला हॉकी टीम का कोच बनाया गया था जब मारजेन को रोलेंट ओल्टमेंस की जगह पुरूष हॉकी टीम का कोच बनाया गया था। आपको बता दें कि इससे पहले साल 2016 जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने हरेंद्र के मार्गदर्शन में विश्व कप जीता था। इसके पिछले साल जापान में आयोजित नौंवां महिला एशिया कप भी हरेंद्र के कोच रहते जीता था।