एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ । यूपी में रबी फसलें तैयार हो गई हैं। आम की फसल अच्छी आने की उम्मीद है तो गेंहू भी कटने वाला है। ऐसे में यूपी की राजधानी और आसपास के इलाकों में रात आंधी और बूंदाबांदी से किसानों की धड़कनें बढ़ गई हैं। इससे आम व गेहूं के फसल के नुकसान होने की बात सामने नहीं आई हैं। कृषि वैज्ञानिकों की माने तो आंधी के समय चली हवाओं की रफ्तार तेज होती तो आम और गेहूं की फसल को अपेक्षाकृत बड़ा नुकसान हो सकता था। इस समय खेतों में गेहूं की पकी फसल खड़ी है। इसी तरह आम के पेड़ बौर से लदे हैं। इस दौरान उन्नाव और हापुड़ में दीवार गिरने से तीन की मौत हो गई। कल आसमान में घने बादल छाए जिसनेे किसानों की चेहरे की रौनक उड़ा दी। रात करीब साढ़े 11 बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी होने से किसानों की धड़कने बढ़ गई। जिला उद्यान अधिकारियों ने बताया कि इस समय आम के पेड़ बौर से लदे हैं। तेज हवाओं से बौर गिर गए हैं। हालांकि आंधी से आम के बौर को अधिक नुकसान होने की जानकारी प्राप्त नहीं है। कृषि अधिकारियों के मुताबिक आंधी व बूंदाबांदी का गेहूं की फसल पर असर नगण्य है। तेज आंधी आने और बारिश होने से फसल को अधिक नुकसान हो सकता था। गरज चमक के साथ आंधी पानी से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खड़ी फसलें भीग गई तथा खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल तेज आंधी आने से उड़ गई। खेतों में बंधे पड़े गेहूं के गट्ठर भीग गए, जिससे किसानों का काफी नुकसान हुआ है।
75 किमी रफ्तार से धूलभरी आंधी
पश्चिम उत्तर प्रदेश में 75 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली। तेज बारिश शुरू हो गई। आगरा के ग्रामीण इलाकों में बड़े आकार के ओले गिरे। मथुरा, फीरोजाबाद में भी तेज आंधी और बरसात हुई। ज्यादातर खेतों में गेहूं की फसल खड़ी या कटी रखी है। ओलों और तेज बरसात के चलते फसल को नुकसान हुआ है। बागपत में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बुलंदशहर में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
दीवार गिरने से तीन की मौत
उन्नाव के माखी थानाक्षेत्र के गांव पूरा में आंधी-पानी के बीच कल्लू के पुराने मकान की पक्की दीवार गिर गई। जिससे इसके पास सो रहे तीन बच्चे इसके मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चों को मलबा हटाकर बाहर निकाला। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं तीसरा बच्चा भी गंभीर है। हापुड़ के धौलाना में तेज आंधी में दीवार के सहारे छिपे तीन लोगों के ऊपर दीवार गिर गई, जिससे गांव कंदौला निवासी भानमती की मौत हो गई।