मुगल हमारे पूर्वज नहीं, लुटेरे थे-दिनेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हाई स्कूल से लेकर अन्य कक्षा में पाठ्यक्रम में बदलाव की चर्चा के बीच उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि हम इतिहास का भी पाठ्यक्रम बदलेंगे। लखनऊ में निजी चैनल के कार्यक्रम में कहा मुगल शासक लुटेरे थे, वो हमारे पूर्वज नहीं हैं और अब यही इतिहास लिखा जाएगा।

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आज एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सूबे में पाठ्यक्रम को बदला जाएगा। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मुगल शासक लुटेरे थे, वो हमारे पूर्वज नहीं है। अब यही इतिहास लिखा जाएगा। अपने बयान में दिनेश शर्मा ने यह भी कहा कि मुगल शासकों ने जो अच्छे काम किए, उनकी हम प्रशंसा करते हैं।

उन्होंने कहा कि मगर हमारी संस्कृति विध्वंसक नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि इतिहास को भूलने से विकृति पैदा होती है। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि जिन मुगल शासकों ने गलत काम किया है, हम उन्हें ही लुटेरा मानते हैं। उन्होंने कहा कि बाबर और औरंगजेब लुटेरे थे। वहीं शाहजहां बेहर क्रर था, जिसके मजदूरों के ही हाथ कटवा डाले।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि मंगल पांडे ने जब क्रांति की शुरुआत की तो बहादुर शाह जफर ने इसका समर्थन किया। उन्होंने भारत में गोहत्या का विरोध किया था। इसी कारण उनका कोई विरोध नहीं है। डॉ. शर्मा ने कहा कि हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं अपनी पूजा के साथ मजार, गुरुद्वारे और गिरजाघर में भी जाता हूं। दिनेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहादुरशाह जफर की दरगाह पर जाने को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा बहादुरशाह जफर अच्छे मुगल शासक थे, इसलिए पीएम म्यांमार में उनकी दरगाह पर गए थे।

मुगल शासक अकबर के बारे में डॉ. शर्मा ने कहा कि अकबर ने अच्छे काम किए होंगे तो वो इतिहास के पन्नों में रहेंगे। इतिहासकार यह तय करेंगे कि अकबर को कहां जगह मिलेगी। संबोधन के अंत में दिनेश शर्मा ने कहा कि मैं चाहता हूं जो हमारा इतिहास है, वही रहे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *