एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है। यहां काफी तेज बारिश हो रही है। गलियों में और सड़कों पर काफी पानी जमा हो गया है। मानसून की बरसात से लोग सड़कों पर बारिश में भींगने का मजा ले रहे हैं। मुंबई की भारी बारिश के कारण फ्लाइट को भी डायवर्ट किया जा रहा है। यहां जेट एयरवेज की लंदन से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को मुंबई में लैंडिग की इजाजत नहीं मिली। जिसके बाद फ्लाइट संख्या 9-117 को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट कर दिया गया। मुम्बई में बुधवार रात से ही बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हो रही थी, जो कि अब काफी तेज हो गई है। उधर मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 6 दिन कोंकण इलाके में लगातार बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों में आज और कल बहुत अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग, मुंबई, ठाणे, रायगढ और पालघर जिलों में नौ जून को बहुत भारी बारिश की संभावना है जबकि दस और ग्यारह जून को मुंबई और इसके आसपास के इलाकों सहित कोंकण क्षेत्र के छह जिलों में इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान लगाया गया है।
उमस और गर्मी के साथ हुई दिल्ली वालों के दिन की शुरूआत
दिल्ली वालों के दिन की शुरूआत आज उमस और गर्मी भरे मौसम के साथ हुई। शहर में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य औसत से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार , आर्द्रता 58 प्रतिशत दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार , बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान के 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशा है। कल न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
हिमाचल में तापमान गिरा
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मंगलवार को जमकर बारिश हुई जिससे तापमान में काफी कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सात से दस जून तक अगले चार दिन मध्य और निचली पहाड़ियों पर बारिश और ओलावृष्टि के साथ आंधी तूफान की चेतावनी दी है। सबसे अधिक बारिश सोलन (69 मिलीमीटर) में हुई जबकि जोगिंदरनगर में 50 मिलीमीटर बारिश हुई।