भाजपा का बूथस्तर मैनेजमेंट संभालेंगे 120 विस्तारक

कानपुर । अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई भाजपा ने मिशन 2019 के लिए कमांडो मैदान में उतार दिए हैं। यह भाजपा के कानपुर, काशी, अवध, गोरखपुर, पश्चिम और बृज के पूर्णकालिक कार्यकर्ता हैं, जो विस्तारक बनकर प्रदेश की एक-एक विधानसभा के बूथों पर माइक्रो मैनेजमेंट के लिए कानपुर से रवाना हो गए। मंधना में विस्तारक वर्ग के समापन के बाद प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय अंसल भवन स्थित कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय भी पहुंचे। यहां क्षेत्रीय पदाधिकारियों से संगठनात्मक चर्चा की।

 

यहां मंधना स्थित सनी मनी गेस्ट हाउस में छह क्षेत्रों के 120 विस्तारकों का विस्तारक वर्ग (प्रशिक्षण कार्यक्रम) आयोजित किया गया। पहले दिन प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने उन्हें मार्गदर्शन दिया। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय भी वर्ग के समापन पर पहुंचे। उन्होंने नव विस्तारकों से कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जो यात्रा शुरू की, उस पर चलते हुए भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। केंद्र और प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर चल रही है। आप लोग भी देश सेवा के लिए निकले हैं, लगन से इस कार्य को करें।

विधानसभा चुनाव से पहले भी भाजपा ने नया प्रयोग करते हुए 120 विस्तारक निकाले थे। अब यह नए 120 विस्तारक क्षेत्र में जा रहे हैं। सभी को विधानसभाओं की जिम्मेदारी दे दी गई है। अब 403 विधानसभाओं के बूथों पर काम करने के लिए कुल 240 पूर्णकालिक कार्यकर्ता हैं। यह जनता तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां पहुंचाएंगे। चुनाव संचालन समितियों के कार्य पर नजर रखेंगे। कहीं कमी नजर आएगी तो उसे सुधारेंगे और हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे।

 

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *