प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल में रविवार सुबह होगा बड़ा फेरबदल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह दस बजे अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल करेंगे। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी। मई, 2014 में केंद्र में उनके सत्ता संभालने के बाद यह मंत्रिमंडल में तीसरा फेरबदल होगा। अधिकारी ने कहा, ‘‘रविवार को प्रात: करीब दस बजे राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रक्रिया (तैयारी) शुरू हो गयी है।’’ चार कनिष्ठ मंत्री- राजीव प्रताप रुडी, संजीव कुमार बालियान, फग्गन सिंह कुलस्ते और महेंद्र नाथ पांडे इस फेरबदल से पहले इस्तीफा दे चुके हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि इनके अलावा दो कैबिनेट मंत्री भी इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को चीन की यात्रा पर रवाना होने से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जायेगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार सुबह अपने आवास पर कुछ वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की थी। भाजपा की ओर से जिन नामों को शामिल किये जाने की सर्वाधिक चर्चा है उनमें राजस्थान से ओम प्रकाश माथुर का नाम शामिल है। ऐसी भी अटकलें हैं कि भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव, पार्टी उपाध्यक्ष विनय सह्रस्त्रबुद्धे के अलावा प्रह्ललाद पटेल, सुरेश अंगडी, सत्यपाल सिंह और प्रह्लाद जोशी को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

कुछ मंत्रियों के पास अतिरिक्त काम का बोझ भी प्रधानमंत्री को कम करना है। वित्त मंत्री अरुण जेटली अभी रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन वन एवं पर्यावरण मामलों का अतिरिक्त प्रभार, कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार और ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर शहरी विकास मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को रेलवे मंत्रालय का कार्यभार मिलने की भी संभावनाएं प्रबल हैं।

खबरें हैं कि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल, धर्मेंद प्रधान और मनोज सिन्हा को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। मोदी जदयू और अन्नाद्रमुक समेत नये चेहरों को अपने मंत्रिमंडल में जगह देने की तैयारी कर रहे हैं तथा ऐसे में और मंत्री इस्तीफा दे सकते हैं। रूडी के करीबी सूत्रों ने कहा कि उन्हें भाजपा में संगठनात्मक काम दिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि 75 वर्षीय कलराज मिश्रा को राज्यपाल बनाया जाना तय है।

इससे पहले गुरुवार को दिन में केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जगह उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया जिससे मंत्रिपरिषद में एक और जगह बनेगी। जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कथित तौर पर स्वास्थ्य आधार पर इस्तीफे की पेशकश की है। अन्नाद्रमुक अगर मोदी सरकार में शामिल होती है तो पार्टी के थांबी दुरई और के. वेणुगोपाल कैबिनेट में पार्टी के संभावित चेहरे के तौर पर देखे जा रहे हैं। जदयू के भी कम से कम दो सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *