एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। गोमती नगर में आयोजित विकास संवाद में बुधवार को उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि एक साल में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा सुधार किया गया है। नकल विहीन परीक्षा कराई गई। शिक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, अगले साल से बोर्ड परीक्षाएं 20 दिन में समाप्त की जाएंगी। 230 दिन कक्षाएं चलें इसकी व्यवस्था की गई है। कक्षाएं अब एक जुलाई से नहीं बल्कि एक अप्रैल से चल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के खाली पड़े 55 फीसदी पद भरे गए हैं। शेष 2 माह में भर दिए जाएंगे। डिग्री और अनुदानित कालेजों में भी शिक्षकों के खाली पद भरे जाएंगे।
विकास संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार में आने पर एनकाउंटर की जांच करने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में अपराधी मारे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आखिलेश यादव अपराधियों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। प्रदेश की जनता भय और भ्रष्टाचार से मुक्त है। प्रदेश सरकार प्रतिदिन कुछ नया कर रही है। पीएम विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता हैं। केशव मौर्या ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा में टॉप 20 छात्रों के घर तक अच्छी सड़कें दूंगा। इनका उद्घाटन ये छात्र करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और विकास का गहरा रिश्ता है। विकास वहीं होता है जहां भाजपा सरकार होती है। भ्रष्टाचार होने नहीं देंगे और पूर्व में जो भ्रष्टाचार हुए हैं उसकी जांच कराएंगे।