एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के दामाद डॉ. नवल किशोर शाक्य सपा में शामिल हो गए। शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता की, जिसमें डॉ. शाक्य भी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने अखिलेश यादव को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर उपचुनाव में जीत के लिए बधाई दी। डॉ. नवल के सपा में शामिल होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि ये हमारी पार्टी में आ रहे हैं लेकिन इन्हें हम यहां नहीं, सभा में ज्वॉइन कराएंगे। कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अखिलेश यादव को स्मृति चिह्न दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि इस जीत से सबसे बड़ा फायदा ये हुआ है कि वो (सीएम योगी) विकास की तरफ जाने लगे हैं। अब वो डिजिटल इंडिया की बात कर रहे हैं। विकास कार्यों में रुचि लेने लगे हैं। अखिलेश ने कहा कि बीटीसी अभ्यर्थियों की पूरी प्रक्रिया होने के बावजूद उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया। सिर्फ इसलिए कि सपा शासन में उनकी भर्तियां हुई थीं। कम से कम जो भर्तियां हो गई हैं, उन्हें तो सरकार नियुक्ति पत्र दे दे।