कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या , ससुराल आकर घटना को दिया अंजाम

बछरावां थाना क्षेत्र के विनायकपुर सेंहगों गांव में ससुराल आए युवक ने दिन-दहाड़े पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को लखनऊ स्थित उसके घर से पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में पति-पत्नी ही थे। क्षेत्र के विनायकपुर सेंहगों गांव की रहने वाली जावित्री पुत्री बाबादीन (22 वर्ष) की शादी नौ जुलाई वर्ष 2016 को लखनऊ जनपद में थाना नगराम क्षेत्र के समेसी गांव में राहुल पुत्र शीतल के साथ हुई थी। शनिवार की सुबह मायके में जावित्री मायके में भोजन बनाने की तैयारी में मसाला पीस रही थी। इसी बीच पत्नी को घर में अकेला पाकर राहुल ने पीछे से उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गला कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। घर पहुंचे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार आरोपी पति को लखनऊ स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिवारीजनों का कहना है कि राहुल जावित्री से अक्सर विवाद करता था। शनिवार को भी वह झगड़ा कर रहा था। अचानक गुस्सा होने पर उसने पत्नी की हत्या कर दी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रथम द्रष्टया हत्या का कारण पारिवारिक कलह ही लग रहा है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *