एलायंस टुडे ब्यूरो
मुंबई। कपिल शर्मा लगभग छह महीने के इंतजार के बाद एक बार फिर छोटे पर्दे पर लौट आये हैं। अपने नए शो फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा के जरिए कपिल ने वापसी की है। इस बार कपिल सिर्फ हंसा नहीं रहे, बल्कि मालामाल भी कर रहे हैं। कपिल का नया शो मूल रूप से एक गेम शो है, जिसमें कॉमेडी को पिरोया गया है।शो में ईनामों की जमकर बारिश हो रही है। हालांकि इस बार कपिल की वापसी में ना तो पहले जैसा दमखम नजर आया और ना ही शोर-शराबा सुनाई दिया। सोनी टीवी पर 25 मार्च रविवार को रात आठ बजे फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा शो शुरू हुआ। पर्दा उठने के साथ लगा कि जैसे कपिल अपने पुराने शो को ही दोहरा रहे हैं, लेकिन बाद में राज खुला कि फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा दरअसल एक गेम शो है, जिसमें आमंत्रित परिवारों को गेम खिलाए जाएंगे और विजेताओं को ईनाम दिए जाएंगे, लेकिन सारे गेम इस तरह रखे गये हैं, जिनसे हास्य का भाव पैदा हो और प्रतिभागियों पर अधिक दबाव भी ना पड़े। कपिल की एंट्री वैसे ही हुई जैसे उनके पुराने शोज में होती रही है। कपिल के शोज के स्थायी मेहमान क्रिकेटर से पॉलिटिशियन बने नवजोत सिंह सिद्धू की एंट्री सरप्राइजिंग रही, जिसके बारे में खुलासा नहीं किया गया था। सिद्धू भी अपने पुराने रंग में ही दिखे। आते ही कपिल की खिंचाई भी कर दी कि फिल्म (फिरंगी) फ्लॉप कराके कपिल वापस आया है। कॉमेडी नाइट्स विद कपिल और द कपिल शर्मा शो की तरह इस शो की शुरुआत भी कपिल ने चुटकले सुनाकर और सिद्धू के साथ मजाकिया बातचीत से की। बीच-बीच में ऑडिएंस से सवाल-जवाब भी हुए और गेम शो होने के नाते उन्हें गिफ्ट हैंपर भी दिये गये। शो के दूसरे सेगमेंट में कपिल के पुराने साथी चंदन की एंट्री होती है, जो अपने पुराने रंग-ढंग में ही नजर आते हैं। हालांकि इस बार चाय वाले नहीं बने हैं। कुछ गैग्स के बाद चंदन भी प्रतिभागियों को गेम खिलाने में शामिल हो जाते हैं। मेहमान दर्शकों के बीच गेंद फेंकी जाती है। पकड़ने वाले से सवाल पूछा जाता है। सही जवाब देने वाले को ईनाम मिलता है। ईनाम के लालच में गेंद पकड़ने के लिए महेमानों के बीच छीना-झपटी भी होती है। तीसरे सेगमेंट में कीकू शारदा बंपर बनकर आते हैं। हंसी-मजाक के साथ टीका-टिप्पणी चलती है। सेलेब्रिटी मेहमान के तौर पर पहले एपिसोड में अजय देवगन आये। उनकी एंट्री रेड वाले अंदाज में होती है, मगर अजय ने साफ कर दिया कि उनकी फिल्म श्रेडश् रिलीज हो चुकी है, इसलिए वो प्रमोशन के लिए नहीं आये हैं। शायद कहना चाह रहे थे कि कपिल के लिए आये हैं। अजय ने कपिल से कहा कि उन्हें भगवान ने कमाल का हुनर दिया है, इसे बेकार मत जाने देना। वैसे तो इस गेम शो में दो प्रतिभागी टीमों के बीच प्रतियोगिता होती है, लेकिन खाली हाथ कोई नहीं जाता। ईनाम हारने वालों को भी दिया जाता है। इसके लिए उन्हें एक और गेम खेलना पड़ता है। अपने हुनर का प्रदर्शन करने वाले को भी कुछ ना कुछ दिया जाता है। शो का ग्रैंड प्राइज कार है, जिसे जीतने के लिए बेहद आसान सवालों के जवाब देने होते हैं। शो को कपिल के साथ नेहा पेंडसे होस्ट कर रही हैं, जिन्हें आप मे आई कम इन मैडम में संजना के किरदार में देखते रहे हैं। नेहा को जिस तरह से प्रस्तुत किया गया है, उससे संकेत मिल गये हैं कि आने वाले वक्त में वो कपिल की छेड़खानी का शिकार रहेंगी। होस्टिंग के साथ नेहा एक्ट में भी शामिल होती हैं। कुल मिलाकर फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा शो का पहला एपिसोड बस टाइम पास ही कहा जाएगा। कॉमेडी का अंदाज, संवाद, टीका-टिप्पणी, मजाक सब कुछ पहले जैसा ही है। अगर इससे गेम्स निकाल दिये जाएं तो ये कपिल के पुराने शोज का निचोड़ ही है। कपिल को भी इस बात का अंदाजा है। इसीलिए शो शुरू होने के साथ ही उन्होंने बातों-बातों में कह भी दिया था नया-वया कुछ नहीं होता! बहरहाल, अभी तो पहला एपिसोड था उम्मीद है आने वाले समय में फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा के कुछ और रंग देखने को मिलेंगे।