एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि यूपी उपचुनाव के नतीजे योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ जनमत संग्रह नहीं है। योगी सरकार भाजपा शासित राज्यों में सबसे अच्छा काम कर रही है। गोरखपुर-फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में हार पर पहली बार शाह ने एक न्यूज चैनल से कहा कि कम मतदान और सपा-बसपा के गठबंधन के चलते हमारी हार हुई है। हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं और इसका विश्लेषण कर आगे की रणनीति बनाएंगे। सपा-बसपा के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि अपने अस्तित्व को बचाने के लिए ये दोनों एक साथ आए हैं। ये दोनों दल एक हो जाएं तो भी भाजपा को कोई डर नहीं है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके ऐसे दिन आ गए हैं कि वह दूसरों की जीत पर खुश हो रही है। हमने उनके 11 राज्य जीत लिए लेकिन वे हमारी 11 सीट हारने का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक 21वां राज्य होगा जहां चुनाव बाद भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के विपक्षी दलों को दिए गए डिनर पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब देश में इंदिरा बनाम ऑल था, अब मोदी बनाम ऑल है। रही बात डिनर की तो इसमें जाने से कुछ नहीं होता है। बहुत से लोग ऐसे थे जो फोन पर हमसे कह रहे थे कि आप बुलाएंगे तो हम वहां भी आ जाएंगे। टीडीपी के एनडीए से अलग होने पर उन्होंने कहा कि हमने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया है।