कानपुर-दिल्ली हाईवे पर वाहन चालकों से मंगलवार देर शाम खुलेआम गुंडा टैक्स वसूला जा रहा था। एसपी पूर्वी ने अचानक छापा मार कर रामादेवी फ्लाई पर दो युवकों को रंगेहाथ वसूली करते दबोच लिया। वसूली पुलिस का खौफ दिखाकर की जा रही थी। पुलिस महकमे के कई कर्मचारियों के भी गुड़ों से जुड़े होने का संदेह है। इस बिंदु पर एसपी जांच कर रहे है। एसपी पूर्वी मंगलवार की देर शाम पुलिस बल के साथ अचानक रामादेवी फ्लाईओवर पहुंच गए। यहां पर दो दबंग उन्हें वाहनों से रुपए वसूलते दिखे। एसपी और पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। एसपी के आदेश पर पुलिस दल ने दोनों को घेर कर दबोच लिया। दोनों को चकेरी थाने लाकर पूछताछ की गई। दबोचे गए गुंडों ने अपना नाम नाम सरसौल निवासी निर्भय द्विवेदी और मझावन निवासी जान मोहम्मद बताया। उन लोगों के पास 15 हजार रुपए भी बरामद हुए। जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन चालकों को पुलिस का खौफ दिखाकर वसूली की जा रही थी। युवकों से पूछताछ में भी कई कर्मचारियों के शामिल होने का संदेह है। एसपी पूर्वी ने इस संबंध थाना में तैनात पुलिस कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। शक है कि इस वसूली के पीछे नेटवर्क है। इलाके के किसी बड़े शातिर का भी हाथ है। एसपी का कहना है कि पुलिस की संलिप्तता के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। किसी का नाम आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी पूर्वी को रामादेवी फ्लाईओवर पर वसूली मिलना खास बात नहीं है। पुलिस से लेकर गुंडों तक की वसूली के चलते यहां पर रामादेवी चौराहा वाहनों की अराजकता से जूझता रहा है। टेम्पो, ई-रिक्शा, आटो, निजी बस हर समय यहां मनमाने तरीके से खड़े देखे जा सकते हैं। अराजक टेम्पो चालक सवारियों को पीटते तक है। अभी 15 दिन पहले एक गर्भवती महिला को टेम्पो चालक ने धकेल दिया था। महिला के परिजनों के साथ मारपीट तक की गई। कुछ लोगों ने महिला को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। पुलिस स्टेशन के ठीक बगल में हुई घटना में पुलिस का ध्यान तक नहीं गया। यहां पर टेम्पो स्टैंड को लेकर मारपीट भी कई बार हो चुकी है। इससे पहले भी एसपी पूर्वी थाने के बाहर के खड़े टेम्पो और आटो को खदेड़ चुके हैं।